जब मां ने कहा कि बाबिल लगभग डिप्रेशन में है

पिछले साल (दिसंबर 2024), लखनऊ में एक इवेंट में बोलते हुए बाबिल की मां और पटकथा लेखिका सुतपा सिकदर ने कहा था कि बाबिल पर इस क़दर दबाव है कि वो लगभग डिप्रेशन की हालत में पहुंच चुके थे.

उन्होंने कहा था, “बाबिल पर बहुत दबाव है, और मुझे ये बिलकुल ठीक नहीं लगता. यह दबाव नहीं होना चाहिए, इरफ़ान पर कभी भी वह दबाव नहीं था. जब आप ख़ुद पर कोई दबाव नहीं डालते हैं, तो आपका व्यक्तित्व निखर कर सामने आता है. यह केवल काम के बारे में नहीं है, बल्कि पिता को खोने के बारे में भी है, वो लगभग डिप्रेशन में हैं.”

“हर समय इस तनाव और दबाव के साथ. एक माँ के रूप में, मुझे लगता है, ‘कृपया मेरे बच्चे को अकेला छोड़ दो.’ इसके अलावा, वो बहुत कमज़ोर हैं और उसमें लड़ने की भावना नहीं है. उनके पिता बहुत मज़बूत थे और मैं भी हूं.”

बाबिल की मां सुतपा सिकदर की ये बात इशारा करती है कि अपने पिता को खोने के सदमे के साथ बाबिल मानसिक उलझनों से भी जूझ रहे हैं. ऊपर से बॉलीवुड जैसी बेहद प्रतिस्पर्धी दुनिया में ख़ुद को साबित करने का दबाव शायद उन्हें अंदर ही अंदर और तोड़ रहा है.

17 अप्रैल को हिंदुस्तान टाइम्स को दिए वीडियो इंटरव्यू में बाबिल ख़ुद स्वीकार कहते हैं, “मैं इंडस्ट्री में अपना दिल और बांहें खोलकर आया था, लेकिन एक व्यक्ति के रूप में इसने मुझे वास्तव में तोड़ दिया. इसने मुझे बहुत आहत किया. मैंने बहुत दर्द और परेशानियों का सामना किया.”

Leave a Comment